उत्तर प्रदेश में स्थायी रूप से निवास करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को
निशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जाएगी। यात्रा के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड
टूरिज्म कारपोरेशन की ओर से अनुमति मिल गई है। यात्रा में एक जिले से मात्र
10 वरिष्ठों का चयन किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों के निशुल्क यात्रा के
बारे में मंगलवार को जिलाधिकारी मासूम अली सरवर ने बताया कि उप्र के
वरिष्ठ एवं मूल निवासियों के लिए यात्रा निशुल्क होगी। यात्रा के लिए
यात्रियों का चयन उनकी जन्मतिथि के आधार पर वरिष्ठता क्रम में किया जाएगा।
यात्रा में चयनित यात्रियों को यात्रा के दौरान बजट श्रेणी की सुविधाएं दी
जाएंगी। यात्रियों को यात्रा के दौरान ट्रैवेल किट उपलब्ध कराई जाएगी। साथ
ही यात्री को अपने निवास स्थान से आने-जाने का व्यय स्वयं वहन करना होगा।
यात्री स्वयं की शारीरिक दक्षता के संबंध में अपने जिले के चिकित्सा
अधिकारी का प्रमाण पत्र मूलरूप में आवेदन पत्र के साथ उपलब्ध कराना होगा।
यह यात्रा आईआरसीटीसी की ओर से सम्पन्न कराई जाएगी।
मुफ्त यात्रा के लिए इच्छुक सीनियर सिटीजन को निर्धारित प्रारूप
में प्रत्यावेदन 20 जनवरी कर जिलाधिकारी कार्यालय में करना होगा।
प्रत्यावेदनों पर मानक के अनुसार 20 जनवरी से 31 जनवरी तक समीक्षा की
जाएगी। वरिष्ठतम 10 व्यक्तियों की पात्रता सूची 1 फ रवरी तक शासन को भेजनी
होगी। पांच व्यक्तियों की सूची प्रतीक्षा सूची में रखी जाएगीं।
10 फरवरी तक
शासन की ओर से यात्रियों की अंतिम सूची आईआरसीटीसी को उपलब्ध कराई जाएगी।
ट्रेन 09 मार्च को लखनऊ से गंतव्य की ओर प्रस्थान करेगी।
यात्रा के दौरान
अनहोनी होने पर किसी की जिम्मेदारी नहीं होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि
2014-15 में शासकीय व्यय पर हरिद्वार एवं ऋषिकेश की यात्रा के लिए आवेदन
पत्र में नाम, पिता-पति का नाम, जनपद का नाम, जन्मतिथि (स्वप्रमाणित प्रमाण
पत्र), लिंग, निवास स्थान का पूर्ण पता, दूरभाष संख्या, पहचान पत्र,
शारीरिक दक्षता का प्रमाण पत्र, आवेदक के हस्ताक्षर आदि का होना जरूरी है।