कानपुर की 212 वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार को नगर में लगे ‘दुनिया के सबसे बड़े फ्री मेगा हेल्थ चेकअप कैंप’ में नर्सिंगहोम्स, क्लीनिकों और सभी सरकारी अस्पतालों समेत 215 स्थानों पर आयोजित कैंपों में डॉक्टरों ने 21,693 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
परामर्श भी दिया। बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कालेज, बेनाझाबर समेत कई स्थानों पर मरीज ज्यादा होने की वजह से डॉक्टरों ने शाम तक चेकअप किया। अल्ट्रासाउंड समेत कई जांचें फ्री हुईं तो अन्य में 25 से 50 प्रतिशत तक छूट मिली। कैंप में दवाएं भी वितरित की गईं। अन्य कैंपों में भी कई सुविधाएं मिलीं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी कैंप लगे। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), अमर उजाला फाउंडेशन और यूपीएसआईडीसी की तरफ से आयोजित फ्री हेल्थ चेकअप कैंप का उद्घाटन बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, बेनाझाबर में मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) अरविंद कुमार ने किया।
मुख्य अतिथि ने स्पेशलिस्ट प्राइवेट डॉक्टरों से हफ्ते में कम से कम दो घंटे सरकारी अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा सेवाएं देने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि सीएमओ डॉ. आरपी यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऐसे कैंप लगाने पर जोर दिया।
आईएमए की अध्यक्ष डॉ. किरन पांडेय ने आईएमए की तरफ से ऐलान किया कि उनके स्पेशलिस्ट डॉक्टर सरकारी अस्पतालों में भी फ्री इलाज करेंगे। आईएमए की कम्युनिटी वेलफेयर सब कमेटी के चेयरमैन डॉ. वीसी रस्तोगी ने बताया कि शहर की 212 वीं वर्षगांठ पर 212 स्थानों पर हेल्थ चेकअप कैंप लगाने का संकल्प लिया गया लेकिन डॉक्टरों के सहयोग से 215 स्थानों पर कैंप लगे।
163 नर्सिंगहोम और क्लीनिकों में निजी चिकित्सकों और पीएचसी स्तर तक के 56 सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों ने फ्री चेकअप किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महापौर जगतवीर सिंह द्रोण ने कहा कि यह मेगा हेल्थ शिविर वास्तव में कानपुर के लिए सौभाग्य है।
‘अमर उजाला फाउंडेशन’ ने कानपुर के बर्थडे को उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की है जो प्रशंसनीय है। फाउंडेशन ने ही यहां से शुरू करके पूरे देश में रक्तदान अभियान चलाया है। ऐसे कैंपों से चिकित्सा सुविधाओं से वंचित रहने वाले जनमानस को भी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
उद्घाटन समारोह का संचालन आईएमए के उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. प्रवीण कटियार ने किया।