कानपुर देहात। कानपुर की एसपीबीएल एनर्जी पर अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मरम्मत के लिए उठाए 22 ट्रांसफार्मर न लौटाने पर कार्रवाई हुई है। कार्यदायी संस्था काली सूची में दर्ज है।
कानपुर राधाकुट्टी एलनगंज स्थित एसपीबीएल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को पं. दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति (विद्युतीकरण) योजना में काम मिला था। अनुबंध के अनुसार गारंटी अवधि में फुंके ट्रांसफार्मर की मरम्मत एसपीबीएल को करना था। फरवरी 2019 में माती भंडार केंद्र से मरम्मत के लिए कुल 22 ट्रांसफार्मर उठाए गए। मगर इन ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर लौटाया नहीं गया। करार की शर्ते तोड़ने पर कार्यदायी संस्था को काली सूची में डाल दिया गया। इसके बाद भी उठाए गए ट्रांसफार्मर वापस नहीं किए गए। इससे बिजली निगम को करीब 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर माती भंडार केंद्र के सहायक भंडारी एके सैनी ने मंगलवार रात में अकबरपुर थाना में तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी कानपुर की एसपीबीएल एनर्जी के खिलाफ अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज की है। माती भंडार केंद्र के सहायक अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि गारंटी अवधि में क्षतिग्रस्त 25 केवी के 21 व 16 केवी का एक ट्रांसफार्मर वापस नहीं किया। इस पर संस्था काली सूची में दर्ज है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एसपीबीएल एनर्जी के खिलाफ आईपीसी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना दरोगा मोहम्मद अकरम कर रहे हैं।