कानपुर। किदवईनगर में अर्जुन महिला शिल्प कला केंद्र और सोसाइटी के करीब 2.50 करोड़ रुपये धोखाधड़ी करने का आरोप लगाकर पीड़ित ने अपने भाई समेत तीन लोगों पर नजीराबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 38 सी निवासी बलविंदर जीत सिंह ने सोमवार रात दर्ज रिपोर्ट में बताया कि जीवित रहने के दौरान पिता रंजीत सिंह ने किदवईनगर के ओ ब्लॉक स्थित एक मकान में अर्जुन महिला शिल्प कला केंद्र संस्था व सोसाइटी की स्थापना की थी। आरोप है कि भाई गुरजीत सिंह ने सोसायटी की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उनकी पत्नी प्रिया चंढोक, पिता और लंदन निवासी भाभी तलविंदर कौर के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर नकली बैठक दर्शाई। इसके बाद उन्हें पत्नी समेत सोसायटी से अलग दिखा दिया।
आरोप है कि रतनलाल निवासी गीतांजलि द्विवेदी और सोनम द्विवेदी को अवैध तरीके से सोसाइटी का पदाधिकारी बना दिया गया। आरोप है कि पूरे फर्जीवाड़े के दस्तावेज नेहरूनगर स्थित डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स कार्यालय में प्रस्तुत कर सोसाइटी का नियंत्रण हस्तांतरित करा दिया गया। साथ ही सोसाइटी के बैंक खाते में जमा करीब 2.50 करोड़ रुपये भी गुरजीत सिंह द्वारा अपने निजी खाते में ट्रांसफर कर लिए गए। आरोप है कि नए पदाधिकारियों द्वारा किदवईनगर स्थित भवन में तोड़फोड़ कर उसे गिराने का भी प्रयास किया जा रहा है। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की रही है। (संवाद)