सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा समेत तमाम आरोप झेल रहे कानपुर देहात के दबंग विधायक विनोद कुमार कटियार पर अब नोएडा में एक नया मुकदमा दर्ज हुआ है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में अधिकारिक रूप से कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ग्रेटर नोएडा के एवीपी बिल्डटेक के निदेशक समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर पैसे लेकर फ्लैट न देने का आरोप है। आरोपियों में शामिल एवीपी बिल्डटेक का एक निदेशक विनोद कुमार कटियार कानपुर-देहात से विधायक है। आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारी ने बताया कि गौतमबुद्धनगर निवासी अंजाना सिंह नाम की महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। एवीपी बिल्डटेक का रजिस्टर्ड ऑफिस नई दिल्ली में ओखला मंडी के पास है। कंपनी ने नोएडा के सेक्टर-77 में बहुमंजिला अपार्टमेंट तैयार कर बेचने की योजना बनाई थी। इसके लिए जमीन भी खरीदी गई थी और प्रोजेक्ट के बारे में विज्ञापन दिए थे। खरीदारों ने 10 फीसदी बयाना राशि देकर फ्लैट बुक कराए थे, जो कि उन्हें मार्च, 2014 तक दिए जाने थे। कीमत 25 लाख से लेकर एक करोड़ रुपये से ज्यादा थी, लेकिन फ्लैट नहीं दिए गए।
डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत लेकिन नहीं हुई कार्रवाई
भारतीय जनता पार्टी के विधायक विनोद कटियार पर करोडों रुपया मूल्य की सरकारी जमीन पर कब्जा का आरोप लग चुका है। कानपुर देहात के भोगनीपुर से विधायक विनोद कटियार की छवि दबंग विधायक की है। विधायक के गुर्गों ने इस मामले की शिकायत करने वाली ग्राम प्रधान को धमकी भी दी थी, जिससे उसके बच्चों ने डर के कारण स्कूल तक जाना बंद कर दिया था। महिला ग्राम प्रधान का आरोप था कि विधायक विनोद कटियार ने ग्राम समाज की करीब साढ़े छह बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया, जिसकी कीमत करोड़ों में है। प्रधान का कहना था कि उसने इस मामले की शिकायत डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।