जुलूस निकालने वाले चारों सिपाही सस्पेंड
- फोटो : अमर उजाला
औरैया जिले के सहायल में एसपी ने जुलूस निकालने वाले चारों सिपाहियों को शनिवार की देर शाम निलंबित कर दिया। ये चारों भाजपा नेता से अभद्रता करने पर लाइन हाजिर किए जाने पर माला पहनकर जुलूस निकालते हुए लाइन में आमद कराने पहुंचे थे।
बीते दिनों सहायल कस्बे में सहायल मण्डल भाजपा के महामंत्री सोनू मिश्रा के साथ चार सिपाहियों प्रतीक सिंह, ओमजी पांडेय, सुनील चाहर व श्यामसुंदर ने अभद्रता व गाली गलौज की थी, जिसपर एसपी सुनीति ने चारों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया था।
इन सिपाहियों ने पुलिस लाइन के लिए अपनी विदाई में पहनाई गई मालाओं के साथ कस्बे में कई बाइकों के साथ जुलूस निकालकर पुलिस लाइन में आमद कराने के लिए रवाना हुए थे। सिपाहियों ने खुद ही सोशल मीडिया पर फोटो वायरल किए थे।
अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस मामले में एसपी ने थानाध्यक्ष और लाइन हाजिर हुए सिपाहियों का जवाब तलब किया और शनिवार की देर शाम एसपी सुनीति ने चारों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, सिपाहियों के साथ उनके साथियों के भी मास्क नहीं लगाने व उनकी बाइकों के चालान काटे गए हैं।