क्षेत्रीय सेक्टर सम्मेलन को संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि देश की सारी नकारात्मक ताकतें जो पराजित हैं, निराश हैं वह बीजेपी से घबरा रही हैं। एक साथ मिलकर भी वह मोदी का मुकाबला नहीं कर सकेंगी। इनका गठबंधन सफल नहीं होगा, क्योंकि यह ठगों का बंधन है। बुधवार को वह यूपी में कानपुर देहात के अकबरपुर इंटर कॉलेज में आयोजित क्षेत्रीय सेक्टर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में कानपुर उत्तर, कानपुर दक्षिण, ग्रामीण, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज जिले के पदाधिकारी शामिल हुए।
बुधवार को अकबरपुर इंटर कॉलेज में भारतीय जनता पार्टी का क्षेत्रीय सेक्टर सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि रमन सिंह ने पार्टी नेताओं को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने केवल दिखावा किया है। कांग्रेस सरकार में प्रतिदिन 70 किमी सड़क का निर्माण होता था, लेकिन बीजेपी सरकार में 140 किमी सड़कों को निर्माण प्रतिदिन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को आवास मिल गया, ऋण माफी हो गई। बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था हो गई। बिजली, शौचालय के साथ ही सिलेंडर की व्यवस्था हो गई। आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त उपचार की व्यवस्था हो गई। यह सब बीजेपी की सरकार में ही संभव हैं, क्योंकि सरकार सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।