जांच करते तहसीलदार राजीव निगम और आरोपी युवक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में बांदा जिले के गांव बड़ोखर बुजुर्ग में मुनादी पिटवाकर बेरोजगारी भत्ते का फार्म भराकर 25 रुपये वसूलने वाले चार युवकों को ग्राम पंचायत भवन से पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके पास से चार पहिया वाहन, भरे व सादे आवेदन पत्र, भारत सरकार का कथित अनुमति पत्र इत्यादि बरामद हुए हैं। प्रथमदृष्टया इन अभिलेखों को फर्जी मानकर पुलिस जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए तीन युवक गाजियाबाद और नोएडा के और एक स्थानीय गांव का है।
रविवार को बड़ोखर ब्लाक के गिरवां थानांतर्गत बड़ोखर बुजुर्ग गांव में कुछ युवकों ने मुनादी पिटवाई कि बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन भराए जा रहे हैं। चारों युवक गांव के ग्राम पंचायत भवन में बैठकर बेरोजगार युवाओं के फार्म भरने लगे। फार्म की कीमत हर बेरोजगार से 25 रुपये वसूले जा रहे थे।
इसी बीच गांव के एक युवक ने इसकी सूचना फोन पर डीएम को दी। डीएम ने तत्काल नरैनी तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच के निर्देश दिए। तहसीलदार राजीव निगम ने गिरवां थानाध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह और फोर्स के साथ ग्राम पंचायत भवन में छापा मारा। यहां चारों युवकों के पास से 25 भरे हुए फार्म, 600 रुपये, लैपटॉप, चार पहिया वाहन, भारत सरकार का अनुमति पत्र इत्यादि बरामद हुए।