कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के निजी अस्पताल में नवजात की मौत के मामले में बुधवार को सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हुए। एक युवक खुद को एसएसपी बताकर पीड़ित परिवार को धमकाता नजर आया। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। वहीं, पीड़ित परिवार ने अस्पताल प्रबंधक और डॉक्टर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
कैंट के मैकूपुरवा निवासी आशीष निषाद की पत्नी मुस्कान ने बीते 28 मार्च को बेटी को जन्म दिया था। 30 मार्च को बेटी को बुखार आने पर उन्होंने बच्ची को रामादेवी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई। परिजन ने अस्पताल प्रबंधन0 पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया था। मौके पर पहुंची पुलिस के साथ एक व्यक्ति पहुंचा जिसने खुद को एसएसपी बताकर धमकाया। परिवार ने उसका वीडियो बनाया तो पुलिस कर्मियों ने उसे भगा दिया।थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि परिवार की शिकायत पर जांच के लिए सीएमओ को रिपोर्ट भेजी गई है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वायरल वीडियो के बारे में उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कहीं। संवाद