सिर्फ धूप में ही बाहर निकलेेंगे शेर
कोहरा और सर्दी बढ़ने से इटावा सफारी पार्क के प्रशासन ने शेरों की देखरेख और बढ़ा दी है। मौसम का प्रभाव शेरों पर न पड़े, इसके लिए ब्रीडिंग सेंटर की व्यवस्थाओं में कई फेरबदल किए गए हैं। जिसमें मुख्य रूप से शेरों के बाड़ों का तापमान सामान्य रखने के लिए रूम हीटर लगाए गए हैं और बाड़ों को कोल्ड प्रूफ किया गया है। इसके साथ ही शेरों के खानपान व दिनचर्या में भी कई फेरबदल किए गए हैं। जिससे शेर सर्दी में भी पूरी तरह से स्वस्थ रहें।
इटावा सफारी पार्क के लायन सफारी में रह रहे शेरों की देखरेख में सफारी प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। सर्दी में शेरों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए अभी से ब्रीडिंग सेंटर के बाड़ों को पूरी तरह से फिट कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार सभी शेरों के बाड़ों में दो-दो रूम हीटर लगाए गए हैं। इनमें से एक हीटर शेरों के बाड़ों में गर्म हवा फेकने का काम करेगा तो दूसरा प्लेन हीटर लगातार बाड़े को गर्म करेगा। इसके अलावा सभी बाड़ों में शेरों के बैठने के लिए एक-एक तख्त भी डाला गया है। जिससे बाड़े की फर्श ठंडा महसूस होने पर शेर तख्त पर बैठकर सर्दी से बच सकें। इसके साथ ही बाड़े में शेरों के बैठने के लिए पुआल भी रखा गया है जो शेरों के लिए किसी गद्दे से कम नहीं। बाड़े में उक्त व्यवस्था किए जाने के साथ ही ब्रीडिंग सेंटर के सभी ब्लाकों के खिड़की और दरवाजों को भी एयर प्रूफ किया गया है। जिससे बाड़े के अंदर सर्द हवाओं का प्रभाव न हो और बाड़े का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस बना रहे। जो शेरों के रहने के लिए सबसे बेहतर माना जाता है।