कानपुर। दीपावली पर घर-आंगन की सजावट और लक्ष्मी पूजन के लिए फूलों की मांग बढ़ने से शहर की मंडियों में कारोबार चमक उठा है। धनतेरस से भाई दूज तक चलने वाले पांच दिवसीय दीपोत्सव के तहत शनिवार को छोटी दिवाली पर हमीरपुर रोड और फूलबाग स्थित थोक मंडियों में करीब 700 क्विंटल फूलों की बिक्री हुई। कारोबारियों को रविवार को दीपावली पर बिक्री दोगुनी होने की उम्मीद है।
मंडियों में गेंदा, गुलाब, गुलदाउदी, विष्णुकांता, चांदनी और गुड़हल के फूलों की खूब मांग रही। इनमें अकेले 550 क्विंटल गेंदा बिका। घरों के मुख्य द्वार, मंदिरों और पूजा स्थलों की सजावट में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने के कारण गेंदे की मांग अन्य फूलों से अधिक रही। वहीं, लक्ष्मी पूजन में विशेष महत्व के चलते कमल के पांच लाख फूल बिक गए। इसकी कीमत 20 से 50 रुपये प्रति पीस रही। गुड़हल के फूल की भी अच्छी मांग रही।
फूलों की बढ़ती मांग पूरी करने के लिए स्थानीय मंडियों में दूसरे शहरों से भी फूल मंगाए जा रहे हैं। फूल व्यापारी सुमित कुशवाहा ने बताया कि दीपावली पर गेंदा और गुलाब सबसे ज्यादा बिकते हैं। इनसे घरों और मंदिरों को सजाया जाता है। फूलों के साथ पान के पत्तों और आम के पत्तों की लड़ियों की भी मंडियों में अच्छी मांग रही। कारोबारियों के मुताबिक, दीपावली के दिन खरीदारी और बढ़ने की संभावना है।