कानपुर देहात। अकबरपुर थाना पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने बृहस्पतिवार सुबह जगजीवनपुर बंबा के पास घेराबंदी कर चोरी की इन्वर्टर-बैटरी बेचने जा रहे दो वैन सवार पांच बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद पानी की टंकी से इन्वर्टर-बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है।
एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह, सर्विलांस प्रभारी प्रवीण यादव, एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा के नेतृत्व में 17 सदस्यीय टीम ने जगजीवनपुर बंबा के पास घेराबंदी की। टीम ने दो वैन में सवार रूरा थाना क्षेत्र के बैजूपुरवा निवासी अनुज यादव, रोशनमऊ निवासी पुष्पेंद्र कुमार, इकघरा निवासी गौरव सिंह उर्फ भानु प्रताप, विपिन व अकबरपुर थाना क्षेत्र के जरैलापुर निवासी रामचंद्र को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुष्पेंद्र, गौरव, रामचंद्र के पास तमंचा व कारतूस बरामद हुए। वहीं, वैन से चोरी की 18 बैटरी व नौ इन्वर्टर बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग पानी की टंकियों को निशाना बनाकर इन्वर्टर व बैटरी चोरी करते हैं। चौकीदार के जाग जाने पर उनके साथ मारपीट कर व सामान लेकर भाग जाते थे। उन लोगों ने अकबरपुर के कमीर गांव की पानी की टंकी पर चौकीदार से मारपीट कर इन्वर्टर व बैटरी चोरी की थीं, डेरापुर, रूरा व शिवली थाना क्षेत्रों में पानी की टंकियों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। बृहस्पतिवार को चोरी की बैटरी बेचने जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही पुलिस ने पकड़ लिया। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उनको जेल भेजा गया है। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी छानबीन की जा रही है। जल्द ही उनपर भी कार्रवाई की जाएगी।
.............................
बुकिंग पर वाहन ले जाने के दौरान चिह्नित करते थे पानी की टंकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम
गौरव सिंह ने गांव के दोस्त संग मिलकर खड़ा किया था गिरोह, छह महीनों से कर रहे थे वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात। बुकिंग पर वैन चलाने के दौरान कम मुनाफा होने पर दो दोस्तों ने गलत राह चुन ली। दोनों ने गिरोह खड़ा कर बुकिंग के दौरान पानी की टंकी चिह्नित कर रात में वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया था। पुलिस अब घटना के बाद से फरार चल रहे मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है।
अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि 30 मई को कमीर गांव की पानी की टंकी के चौकीदार साजिद के साथ मारपीट कर इन्वर्टर बैटरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना पर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पूछताछ में गौरव सिंह ने बताया कि वह अपनी दोनों वैन बुकिंग पर चलाता था। इसमें आमदनी अधिक न होने के चलते उसने गांव के दीपक के साथ मिलकर सुनसान स्थानों पर बनी पानी की टंकियों में चोरी करने के लिए गिरोह खड़ा किया था।
टंकियां गांव से दूर बनी होने के चलते चौकीदार के जागने पर उसके साथ मारपीट करने के बाद भी आसानी से भाग निकलते थे। चोरी की इन्वर्टर-बैटरी को बाजार में बेचने में भी परेशानी नहीं होती थी। लोग चोरी के उपकरण होने का शक नहीं करते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों वैन को सीज कर दिया गया है। इसमें एक वैन दीपक के नाम पर पंजीकृत है जबकि दूसरी वैन उसके पिता के नाम पर दर्ज है। गिरोह के मास्टरमाइंड दीपक व फरार सदस्यों की तलाश की जा रही है।