बसरेहर। कस्बे में बुधवार रात नौ बजे शॉर्ट सर्किट से कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में खलबली मच गई। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप लेकर दुकान के ऊपर बने दो मंजिला मकान को भी अपने चपेट में ले लिया। इससे मकान में रह रहे दंपती सहित उनकी बेटी झुलस गई, जिन्हें पड़ोस के मकान से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते से बाहर निकाला गया। दमकल ने आग पर काबू पाया। मकान के बेसमेंट में मेडिकल स्टोर की दवाइयां का स्टॉक भी रखा हुआ था। आग से करीब 33 लाख के नुकसान की आशंका है।
कस्बे में पीली कोठी के पास स्थित रतन पोरवाल का मकान है। इसी में मेडिकल स्टोर संचालित है, जिसका स्टॉक मकान के बेसमेंट में रखा हुआ था। उनके मकान में कुनैया गांव के सत्यम रेडीमेड कपड़े की दुकान किए हुए हैं। रात करीब नौ बजे कपड़े की दुकान में आग लग गई। रतन ने पत्नी व बेटी सहित मकान का मुख्य द्वार का शटर खोल कर बाहर निकालने का प्रयास किया। जिसमें वह और उसका परिवार बुरी तरह से झुलस गया।
घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों ने पड़ोस के मकान से रतन पोरवाल उनकी पत्नी सुधा व बेटी वैष्णवी (10) को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने मकान का शटर तोड़कर आसपास लगे सबमर्सिबल पंप से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी पर इटावा और सैफई फायर स्टेशन से पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
घायलों को सीएचसी उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि मकान के लैंटर भी चटक गए हैं। सत्यम के अनुसार आग से उनकी कपड़े की दुकान में करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हो गया। रतन के अनुसार उनका 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष चौधरी ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। सीएचसी के डॉक्टर के अनुसार रतन पोरवाल लगभग 30 प्रतिशत झुलसे हैं।