कानपुर देहात में औद्योगिक क्षेत्र रनियां के राजेंद्रा से चिरौरा मार्ग स्थित बंद पड़ी रिफाइंड फैक्टरी में बुधवार भोर पहर आग लग गई। फैक्टरी के गार्ड की सूचना पर दमकल कर्मी पहुंचे। सात फायर टेंडरों से फोम व पानी की बौछार कर चार घंटे में आग काबू की गई। इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। आग से फैक्टरी में शेड व टैंक को नुकसान हुआ। करीब तीन लाख रुपये नुकसान का अनुमान है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, लापरवाही से आग लगी।
चिरौरा मार्ग स्थित आरपी एडबल फैक्टरी है। लगभग छह माह से फैक्टरी बंद है। फिर से उत्पादन शुरू करने के लिए कुछ दिन पूर्व से प्लांट मेंटीनेंस का कार्य कराया जा रहा है। बुधवार की भोर फिल्टर प्लांट के पास तेल लगे कपड़ों में अचानक आग लग गई।
तेज लपटें व धुआं उठता देखकर सिक्योरिटी गार्ड मनोज ओझा ने शोर मचाया। अन्य गार्ड विनय, मनीश व महेंद्र भी पहुंच गए। आग देकर गार्डों में अफरा तफरी मच गई। मनोज ने फैक्टरी मालिक अजय अग्रवाल को जानकारी दी। फैक्टरी मालिक ने दमकल को सूचना दी।
माती अग्निशमन केंद्र से दो फायर टेंडर लेकर अग्निशमन अधिकारी कृष्ण कुमार दमकल कर्मियों के साथ पहुंचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुरेंद्र सिंह भी पहुंचे और तेल की आग काबू करने के लिए फोम डलवाया। लगातार पानी की बौछार के बाद आग काबू नहीं होने पर तीन और फायर टेंडर मंगवाए गए।