महोबा जिले में पंजाब नेशनल बैंक की महोबा शाखा में घुसकर शातिर ने एक खाताधारक से 50 हजार रुपये लूट लिए। खाताधारक के शोर मचाने पर बैंक की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड ने भीड़ की मदद से सौ मीटर दूर तक पीछा करके लुटेरे को दबोच लिया।
इसके बाद लुटेरे को शाखा प्रबंधक के पास ले जाया गया। शाखा प्रबंधक ने लुटेरे से बरामद रुपये खाताधारक को सौंप दिए। साथ ही लुटेरे को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसकी जानकारी जुटा रही है।
शहर के एक शख्स का पीएनबी की महोबा शाखा में बैंक खाता है। इस शख्स ने बुधवार की दोपहर बैंक पहुंचकर अपने खाते से 50 हजार रुपये निकाले। जैसे ही उन्होंने नोटों की गड्डी हाथ में पकड़ी तभी पास खड़े बदमाश ने झपट्टा मारकर नोट छीन लिए।
इसके बाद वह बैंक से बाहर की तरफ भाग निकला। खाताधारक के शोर मचाने पर बैंक की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड दयाराम लुटेरे को दबोचने के लिए उसके पीछे दौड़ पड़ा। भीड़ भी होमगार्ड के पीछे भागी।