कानपुर। हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के बौद्धनगर इलाके में सोमवार सुबह ब्रेड कारखाने में भीषण आग लग गई। आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
साकेतनगर निवासी अमृत छाबड़ा का बौद्धनगर में जस्सी बेकरी के नाम से ब्रेड कारखाना है। कारखाने में नीचे उन्होंने गोदाम बना रखा है जबकि ऊपरी मंजिल पर भट्टी और मशीन लगी हैं। सोमवार सुबह जब कारीगरों ने काम शुरू करने के लिए मोटर चालू की तो शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी भट्टी के पास रखे डीजल की टंकी में जा गिरी। इससे आग की लपटें निकलने लगी। कर्मचारियों ने पहले आग बुझाने की खुद कोशिश की लेकिन आग की लपटें विकराल होती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। कारखाना संचालक अमृत छाबड़ा ने बताया कि आग से करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। सीएफओ दीपक शर्मा ने कहा कि कोई जनहानि नहीं है। प्रथम दृष्ट्या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।