रूरा में शुक्रवार को गुवाहाटी से आनंद विहार को जाने वाली नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में शार्ट सर्किट से आग लग गई है। भाऊपुर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी को रोका गया।
चालक की सूझबूझ से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। रूरा आरपीएफ चौकी प्रभारी केके पांडेय ने बताया कि शार्ट सर्किट कोच की अंदरूनी वायरिंग में हुई थी।
जिसे समय रहते काबू में कर लिया गया। जिससे बहुत बड़ा हादसा होते बच गया। गुवाहाटी से आनंद विहार के लिए जाने वाली (2505) नार्थ-ईस्ट एक्सप्रेस के कोच नंबर एनएफ - 06227 के 41 व 48 नंबर बर्थ के बीच अचानक हुई शार्ट सर्किट से आग लग गई।
यात्रियों में हड़कंप मच गया। सभी यात्री कोच में एक जगह एकत्र होकर टीसी को सूचना दी। टीसी ने यह सूचना ड्राइवर को दी। इस पर ड्राइवर ने नजदीकी रेलवे स्टेशन भाऊपुर में ट्रेन को 5:35 बजे खड़ी कर दी।
स्टेशन मास्टर रोहित सक्सेना को सूचित किया गया। मामला गंभीर होने पर आनन-फानन में एसएमटी स्टाफ व आरपीएफ ने तत्काल मदद भेजी।
संबंधित कोच के सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों ने खतरा भांपकर अपना-अपना सामान निकाल लिया। कर्मचारियों के पहुंचने पर सभी ने कोच के अंदर पहुंचकर विद्युत लाइन को बंदकर आग पर काबू पाया।
ट्रेन लगभग 45 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं कोच पूरी तरह से सुरक्षित होने की दशा में सभी यात्रियों को दोबारा बैठाया गया।
ट्रेन 6:20 बजे पर दोबारा रवाना की जा सकी। इस बीच हेड कांस्टेबिल रामबली यादव को सुरक्षा की दृष्टि से दिल्ली तक कोच में बिठाकर भेजा गया।