कबाड़ा गोदाम में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : कबाड़ा गोदाम में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।
इटावा। शहर के रामलीला रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में शुक्रवार रात करीब एक बजे आग लग गई। ऊंची-ऊंची लपटें देख आसपास के लोगों में खलबली मच गई। पुलिस व दमकल की चार गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफल न हो सकीं। सैफई व जसवंतनगर से दो दमकल गाड़ी और मंगवानी पड़ी। करीब तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से चार से पांच लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। वहीं, शार्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है।
शहर के रामलीला रोड स्थित वीरेंद्र गुप्ता की कबाड़ और गत्ते का गोदाम है। शुक्रवार रात दमकल विभाग को गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। दमकल विभाग ने जिला मुख्यालय की दो बड़ी व दो छोटी गाड़ियों को आग बुझाने के लिए भेजा, लेकिन एक घंटे के प्रयास के बाद भी आग पर काबू पाया नहीं जा सका।
इसके बाद सैफई व जसवंतनगर से एक-एक दमकल गाड़ी को मौके पर बुलाया गया। दमकल गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल की गाड़ियों में पानी भरने के लिए उन्हें सुदंरपुर मोड़ स्थित एक निजी फर्म में भेजा गया।
आग से करीब चार से पांच लाख का रखा सामान जल गया। सीएफओ सुभाष चौधरी ने बताया आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट की आशंका है। कबाड़ की दुकान में आग से सुरक्षा के इंतजाम न होने की बात सामने आई है। अगर समय पर काबू न पाया जाता तो आग घनी आबादी तक पहुंच सकती थी। सीएफओ ने घटना के बाद अग्निशमन अधिकारी सनद पटेल की अगुवाई में टीम गठित की गई है। उन्हें तीन दिन में जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।