चकरनगर। क्षेत्र के पालीघार अड्डा पर बुधवार दोपहर जगराम के घर के पीछे रखी बाजरे की करब में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते पड़ोसी जगराम सिंह, राम सिंह, लाल सिंह, अरविंद्र सिंह व शेर सिंह के घर में भी आग लग गई। आग की लपटों को देखकर ग्रामीण दौड़ पड़े और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। तब तक घर गृहस्थी का सामान व तीन छप्पर जलकर राख हो गए।
वहीं, आग की घटना के करीब एक घंटा बाद पहुंची दमकल विभाग की टीम को देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने नुकसान का आंकलन किया है। ग्रामीण धर्मेंद्र चौहान, राम औतार सिंह, दिनेश राजावत सहित लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मात्र छह किलोमीटर की दूरी पर फायर स्टेशन बना हुआ है।
फिर भी एक घंटे से ज्यादा समय हो गया दमकल की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। फायर स्टेशन अधिकारी सुभाष आर्या ने बताया कि समय से गाड़ी पहुंच गई थी। 50 मीटर दूरी पर गाड़ी खड़ी करके आग भी बुझाई गई है। एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया ने बताया कि आग की घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।