कलक्टर गंज मे लकड़ी गोदाम मे लगी आग।
- फोटो : संवाद
कानपुर। कोपरगंज थानाक्षेत्र में रेलवे के प्लॉट में स्थित गत्ते के गोदाम में बुधवार रात शाॅर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें उठती देखकर आसपास के टिंबर व्यापारियों ने पुलिस और दमकल को सूचना दी।
गोदाम के आसपास लकड़ी के गोदाम होने की जानकारी पर सीएफओ दीपक शर्मा ने कर्नलगंज, लाटूशरोड, मीरपुर, किदवईनगर, फजलगंज, जाजमऊ आदि फायर स्टेशन से गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दीं।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल
कर्मियों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है। टिंबर उद्योग व्यापार के प्रदेश मंत्री गुरजिंदर सिंह ने बताया कि रेलबाजार निवासी बिहारी लाल गुप्ता का कोपरगंज स्थित रेलवे मैदान में कागज के गत्ते और धागे की नलकी का गोदाम है।
उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर केस्को के कर्मचारी बिजली की लाइन ठीक करने आए थे। आरोप है कि इस दौरान वह तार में टेप नहीं लगाकर गए। इस कारण देर रात करीब 10 बजे गोदाम में आग लग गई। दमकल की 20 गाड़ियों ने पानी की मदद से चार घंटे में आग पर काबू पाया। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि प्रांरभिक जांच में शाॅर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की बात सामने आई है।