इटावा/जसवंतनगर। दो अलग-अलग घटनाओं में गैस सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। इसमें दो महिलाएं जल गईं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक घटना में आग से गृहस्थी का सारा सामान भी जलकर राख हो गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला छिपैटी में बेबी (48) बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर पर खाना बना रही थी। इस दौरान गैस सिलिंडर लीकेज होने से आग लग गई। आग लगने से बेबी गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने सिलिंडर पर गीला बोरा डालकर आग पर काबू पाया। बेबी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी तरह जसवंतनगर के नगला रामसुंदर निवासी राजकुमारी बुधवार को रसोई में भोजन बना रही थी। गैस चूल्हे की पाइप में लीकेज होने से आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते पूरी रसोई को चपेट में ले लिया। आग से राजकुमारी झुलस गई। इसके अलावा रसोई में रखे 9,700 नकद रुपये समेत अन्य गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। हादसे के वक्त राजकुमारी घर में अकेली थीं। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर स्थानीय लेखपाल पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी।