चकरनगर। कुंवारी नदी में दोस्तों के साथ बुधवार सुबह नहाने गया युवक डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाल सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सहसों थाना के सिंड़ौस गांव निवासी सज्जन कठेरिया ने बताया कि उनका नाती रोहित कुमार (21) बुधवार सुबह करीब नौ बजे दोस्त आकाश (13), अंशू (11) व अरुण (13) के साथ कुंवारी नदी में नहाने गया था। नहाते वक्त वह गहरे पानी में जाने से डूब गया। दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन गहराई की वजह से वे आगे न जा सके।
सूचना मिलते ही एसडीएम ब्रह्मनंद कठेरिया, प्रभारी निरीक्षक सहसों रामप्रकाश सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब डेढ़ घंटे बाद युवक को पानी से निकाला। पुलिस और परिजन उसे लेकर सीएचसी अस्पताल पहुंचे। यहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सहसों थाना प्रभारी रामप्रकाश सिंह ने बताया कि नहाते समय युवक की डूबने से मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रोहित को जैसे ही नदी से बाहर निकाला गया तो पुलिस और परिजन तेजी से उसे सीएचसी राजपुर लेकर पहुंचे। जल्दीबाजी के चक्कर में रोहित के बड़े भाई सोनू की बाइक हनुमंतपुरा कस्बे के पास अनियंत्रित हो गई। इससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
मृतक रोहित की मां सुनीता किडनी की बीमारी से जूझ रही है। उनका काफी समय से इलाज चल रहा है। रोहित का बड़ा भाई राहुल बुधवार सुबह मां को ग्वालियर निजी अस्पताल में दिखाने ले गया था। इस दौरान रोहित की नदी में डूबने की सूचना आ गई। रोहित के पिता अशोक कुमार बदहवास हो गए। उन्होंने बताया कि रोहित ही मां का ध्यान रखता था। अब बेटा चला गया है तो पत्नी का बचना मुश्किल है।