यूपी के औरैया जिले में मंगलवार देर रात बाइक शोरूम में भीषण आग लग गई। इससे 50 बाइकें जलकर खाक हो गईं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के करीब 40 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
इससे शोरूम पूरी तरह जल गया। शोरूम मालिक के मुताबिक, आग में 70 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। अजीतमल तहसील क्षेत्र के मुगल रोड पर शुक्ला ऑटो मोबाइल एजेंसी है। यहां 45 नई गाड़ियां व सर्विस होने के लिए पांच पुरानी बाइकें खड़ी थीं।
सीओ कमलेश पांडेय ने बताया कि सूचना देने के करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक गाड़ियां जलकर खाक हो चुकी थीं। टोल प्लाजा से जेसीबी बुलवाकर शटर को तुड़वाया गया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।