संदलपुर (कानपुर देहात)। कस्बे के धरमपुर गांव से ग्राम प्रधान पद का चुनाव जीतने के बाद प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने जुलूस निकालकर खूब पटाखे चलाए। इस दौरान गांव के एक घर में आग लग गई। आग को विकराल होते देखकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। दूसरे दिन सोमवार को पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
मंगलपुर थाने के धरमपुर के आदित्य नारायण ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात गांव के संजय गुप्ता प्रधान पद का चुनाव जीतने के बाद बैंडबाजे के साथ विजय जुलूस निकाला। जुलूस में समर्थकों ने पटाखे भी चलाए। इस दौरान पटाखे से निकली चिंगारी घर में गिर जाने से आग लग गई। देखते ही देखते आग विकराल हो गई। गांव के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना पर गांव पहुंची पुलिस व दमकल ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि छत पर रखी लकड़ी व फूस जल गया। सोमवार की सुबह पीड़ित थाने पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वहीं नवनिर्वाचित प्रधान संजय का कहना है कि लगाए गए आरोप निराधार हैं। प्रभारी निरीक्षक वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि जानकारी हुई है। जांच की जा रही है।