राजपुर दबौली गांव में फसल में लगी आग बुझाते ग्रामीण।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना के राजपुर-दबौली गांव में सोमवार की दोपहर अचानक आग लगने से 12 किसानों की 20 बीघे गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने निजी नलकूप चलाकर करीब दो घंटे में आग काबू की। इसके बाद दमकल जवान पहुंचे।
राजपुर गांव के ब्रज मोहन के खेतों में पकी लगी गेहूं की फसल में सोमवार दोपहर आग लग गई। लपटें उठने पर खेत पर मौजूद किसानों ने शोर मचाया। तेज हवा के साथ आग विकराल हो गई। देखते ही देखते आग आस पास के खेतों तक पहुंच गई। राजपुर व दबौली गांव के ग्रामीणों ने निजी नलकूप चलाकर आग काबू करनी शुरू की और दमकल को सूचना दी। करीब दो घंटे की मशक्कत कर ग्रामीण आग काबू कर सके। इससे पहले राजपुर गांव के मथुरा प्रसाद की 4 बीघा, दबौली के ब्रजमोहन की 2 बीघा, हरिराम के एक बीघा, अनिल की 4 बीघा, जगदीश की एक बीघा, शिवराम की 3 बीघा, रामगोपाल की 4 बीघा समेत 12 किसानों की करीब 20 बीघा गेहूं की फसल जल गई। आग बुझने के बाद दमकल जवान फायर टैंकर लेकर पहुंचे।
एसडीएम डेरापुर आरके राजवंशी ने बताया कि लेखपाल को नुकसान का आकलन करने के लिए गांव भेजा गया है। मंडी समिति से पीड़ित किसानों को आर्थिक मदद दी जाती है। किसानों को ई-डिस्ट्रक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन नहीं करने पर आर्थिक मदद का प्रावधान नहीं है। जानकारी किसानों को दी गई है।