रनियां। नगर के केशव नगर वार्ड में बुधवार सुबह एक फैक्टरी कर्मी का शव संदिग्ध हालत में सड़क पर पड़ा मिला था। मामले में बृहस्पतिवार को फैक्टरी कर्मी के पिता ने बेटे की महिला मित्र व उसके साथियों पर हत्या कर शव को सड़क पर फेंकने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
रूरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरवा निवासी मुलायम सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह वर्तमान में परिजन के साथ खानचंद्रपुर में रहते हैं। बेटा नितिन उर्फ अभिषेक (18) खानचंद्रपुर की एक फैक्टरी में काम करता था। मंगलवार रात करीब नौ बजे बेटा परिजन के साथ खाना खा रहा था। तभी उसके फोन पर एक नंबर से कॉल आया। इसके बाद बेटा जरूरी काम से रनियां जाने की बात कहकर बाइक से चला गया।
बुधवार सुबह सात बजे के करीब पुलिस की ओर से बेटे की मौत होने व शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाए जाने की जानकारी दी गई। इस पर वह परिजन के साथ मौके पर पहुंचा तो पता चला कि केशव नगर रनियां में किराये पर रह रही कन्नौज निवासी बेटे की महिला मित्र सोनम ने अपने साथियों संग मिलकर बेटे की हत्या कर दी और शव अपने ही घर के गेट के सामने फेंक दिया। सुबह साढ़े तीन बजे के करीब जब मोहल्ले के लोग जागे तो उन्हें बेटे का शव सड़क पर पड़ा मिला और पास में ही उसकी बाइक खड़ी मिली।
बता दें कि बुधवार को नितिन का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। उसके शरीर से शर्ट गायब थी। पुलिस ने छानबीन के दौरान पास की ही एक कच्ची छत से युवक का मोबाइल बरामद किया था। रनियां थानाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट न हो पाने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।