झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रास्ते के विवाद को लेकर 19 जनवरी को दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर मारपीट, यौनशोषण व जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर जांच शुरू की है।
पहले पक्ष की ओर से महिला ने थाना मंगलपुर में दी गई तहरीर में बताया कि 19 जनवरी की रात उनके परिवार में जन्मदिन कार्यक्रम था। कार्यक्रम में शामिल होने वह पति के साथ आई थीं। आरोप है कि पड़ोसी के रास्ते में मिट्टी डालने से वाहन निकालने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद पड़ोसियों ने उनके व उनके पति के साथ मारपीट की और उसे बुरी नीयत से पकड़कर बरामदे में खींच लिया तथा यौनशोषण किया। विरोध पर उनके साथ मारपीट की गई जिससे उनके कान व पेट में गंभीर चोट आई। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से युवती ने भी थाने में तहरीर दी। बताया कि 19 जनवरी की शाम वह माती कचहरी से लौटकर गांव पहुंची थीं तभी पड़ोसियों ने बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया, अश्लील हरकतें करने लगे। विरोध पर सभी आरोपियों ने लात घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की। शोर सुनकर बचाने आए पिता व बहन के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। वह किसी तरह आरोपियों से बच के घर में घुस गए तो आरोपियों ने घर में घुसकर दोबारा मारपीट कर धमकी दी।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी झींझक भिजवाया जहां से गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल माती रेफर किया गया था। बाद में डॉक्टरों ने तीनों को हृदय रोग संस्थान कानपुर के लिए रेफर कर दिया। मंगलपुर थाने के एसएसआई कमलेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।