यूपी के हरदोई जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां शुक्रवार को एक शादी में कोल्ड ड्रिंक पीने को लेकर विवाद इतना बढ़़ गया कि बारातियों और जनातियों में जमकर मारपीट शुरू हो गयी।
जानें पूरा मामला...
हरदोई में कोतवाली क्षेत्र के न्यू सिविल लाइंस निवासी राजकुमार यादव ने पुत्री बबीता का विवाह सुरसा थाने में सिपाही पद पर तैनात सुघर सिंह यादव के पुत्र प्रशांत के साथ तय किया था। सुघर सिंह यादव भी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राधा नगर में रहते हैं। शुक्रवार रात सर्कुलर रोड पर स्थित वैभव लॉन में बारात पहुंची थी।
देर रात बारात में कोल्ड ड्रिंक पीने को लेकर विवाद हो गया। बारातियों का कहना है कि कोल्ड ड्रिंक खत्म होने के चलते विवाद हुआ था। जनाती और बाराती आपस में भिड़ गए।विवाद की सूचना पर राजकुमार यादव ने पुलिस को जानकारी दी तो मंडी चौकी प्रभारी संजय शर्मा मौके पर पहुंच गए।
यहां बारातियों ने संजय शर्मा पर धावा बोल दिया। दूल्हे प्रशांत की मां मिथिलेश ने दरोगा की वर्दी फाड़ दी, जबकि एक करीबी रिश्तेदार ने पिस्टल छीन ली। किसी तरह जान बचाकर भागे दरोगा संजय शर्मा ने पुलिस को सूचना दी।
आधी रात कई थानों की पुलिस ने मैरिज लॉन को घेर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने एक तरफ से सब की पिटाई की। मौके से पुलिस ने दूल्हे के माता-पिता और करीबी रिश्तेदारों के साथ ही दुल्हन के पिता और भाई को भी हिरासत में ले लिया।
शनिवार सुबह उपनिरीक्षक संजय शर्मा की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पिस्टल छीनने और वर्दी फाड़ने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले में एसपी ने पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।