कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात कपड़े के एक शोरूम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भाग खड़े हुए। फायर बिग्रेड की गाड़ियों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस भीषण अग्निकांड में लाखों का नुकसान होने का आकलन किया जा रहा है।
उरई जिले में कपड़ा व्यापारी के शोरूम में अज्ञात कारणों के चलते गुरुवार की रात आग लग गई। आग देखते ही देखते पूरे शोरूम में फैल गई। जानकारी पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक व्यापारी का लाखों रुपए का नुकसान हो गया था।
विज्ञापन
शहर कोतवाली क्षेत्र के खोया मंडी के पास कपड़ा व्यापारी सचिन अग्रवाल निवासी मोहल्ला नया पटेल नगर की सर्राफा बाजार में आइए बहन जी के नाम से लेडीज कपड़ों का शोरूम है। इसमें गुरुवार रात करीब एक बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया।
शोरूम में रखी साड़ियां, सूट व अन्य कपड़े धू-धू कर जलने लगे। भीषण आग लगने से आस पड़ोस में रहने वाले लोग भी घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। जानकारी पाकर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आग बुझाई गई।
तब तक शोरूम का ज्यादातर माल जल चुका था। थाना प्रभारी ने बताया कि आग लगने से लाखों का नुकसान होना बताया जा रहा है। शोरूम मालिक द्वारा आकलन करवाया जा रहा है। शुरुआती जांच पड़ताल में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है