अधिष्ठापन समारोह में मौजूद महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
कॉरपोरेट सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। कई संस्थानों में महिलाएं ऊंचे पदों पर है। समाज में आज भी कई जगहों पर महिलाओं की सफलता को आसानी से स्वीकार नहीं किया जाता है। सबसे ज्यादा समस्या उन पुरुष कर्मचारियों के साथ होती है, जिनकी बॉस कोई महिला होती है। ये बातें शनिवार को वरिष्ठ पत्रकार नविका कुमार ने मॉल रोड के होटल में आयोजित फिक्की फ्लो के कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए अपने मानक आप तय करिए। राजनीति में तो महिलाओं के आरक्षण तय हैं, लेकिन कारपोरेट मेंं ऐसा नहीं है। आत्म सम्मान से समझौता नहीं करना चाहिए। कॅरियर हम सब के लिए महत्वपूर्ण है। हम जो बनना चाहते हैं, उसके लिए हमें शुरुआत से ही अपने लक्ष्य बनाने होंगे। क्योंकि सफलता कुर्सी पर बैठकर आसानी से नहीं मिलती, उसके लिए मेहनत करनी पड़ती है। महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता नई सुबह की शुरुआत है।
नई कमेटी ने संभाला कार्यभार
यहां आयोजित अधिष्ठापन समारोह में नए सत्र के लिए स्नेहा गुप्ता ने चेयरपर्सन और नलिनी सांवल ने सीनियर वाइस चेयरपर्सन का कार्यभार संभाला। कीर्ति श्राफ उपाध्यक्ष, अंकिता गर्ग सचिव, रोली गुप्ता संयुक्त सचिव, कशिश अग्रवाल कोषाध्यक्ष और आरुषि टंडन संयुक्त कोषाध्यक्ष बनीं।