मैथा गांव के घर में पाइराथ्रम का छिड़काव करती स्वास्थ्य कर्मी
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। रूरा के बुजुर्ग व मलासा की एक महिला की बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा था। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई गांवों में पहुंच कर दवा का छिड़काव किया।
रूरा कस्बे के रामनगर निवासी प्रकाश नरायण (70) की सोमवार की रात अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। बेटे दिनेश ने बताया कि पिता को दो दिन से बुखार आ रहा था। सोमवार अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में मौत हो गई। वहीं मलासा के मीनापुर गांव की सुमन देवी (36) पत्नी विक्रम को 16 अक्तूबर से बुखार आ रहा था। निजी अस्पताल में परिजन इलाज कराते रहे। पति विक्रम ने बताया कि 21 को पत्नी को हैलट कानपुर में भर्ती कराया। वहां से शुक्रवार को निजी अस्पताल ले गए। मंगलवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी वर्मा ने बताया कि लगातार क्षेत्र में संचारी रोगों के रोकथाम के लिए कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को जिले के मैथा सहित अन्य कई गांवों में टीम ने दवा का छिड़काव किया। लोगों को टीम ने जागरुक भी किया है।
दो और कोरोना पॉजिटिव मिले
कानपुर देहात। संदलपुर कस्बे में एक युवक सहित सरवनखेड़ा के मंगटा में एक बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव निकला। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि युवक की रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज से आई थी। बुजुर्ग की एंटीजन किट जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1508 हो गई है। अब तक 1417 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं कोरोना से जिले में बीस लोगों की मौत हो चुकी है।