पुखरायां। साधन सहकारी समितियों में मंगलवार शाम तीन बजे तक सर्वर फेल रहा। खाद लेने पहुंचे किसान घंटों इंतजार करते रहे। सर्वर आने पर शाम तीन बजे से डीएपी खाद वितरित की गई। इस बीच कई किसान मायूस लौट गए।
मंगलवार को साधन सहकारी समितियां खुलीं। कैलई व गिरदौं साधन सहकारी समिति के सचिव मनोज अवस्थी ने बताया कि एनपीके व यूरिया और 500 बोरी डीएपी खाद का स्टॉक है। इसके अलावा मंगलवार को भी डीएपी खाद का ट्रक आया है। इस समय एक हजार बोरी डीएपी गिरदौं व कैलई समिति से संबंधित किसानों के लिए आ गई है। इसका वितरण सुबह से कराया जाना था। सुबह जो किसान अपनी किताब लेकर आए थे उन सभी 250 किसानों को टोकन दे दिए गए। इस बीच सर्वर नहीं आने से खाद का वितरण नहीं कराया जा सका।
इधर, दिनभर किसान सर्वर आने का इंतजार करते रहे। शाम तीन बजे सर्वर आने पर खाद का वितरण शुरू कराया गया। शाम छह बजे तक कैश जमा होने के कारण वितरण किया गया। दोपहर बाद से शाम तक 80 किसानों को 260 बोरी डीएपी वितरण की गई। गुरगांव साधन सहकारी समिति में भी किसानों को शाम तीन बजे के बाद कुछ किसानों को ही खाद मिल सकी। सचिव ने बताया कि बिना सर्वर के खाद का वितरण नहीं कराया जा सकता है। बुधवार को यदि सुबह से सर्वर आएगा तो खाद का वितरण कराया जाएगा।
किसान सैदलीपुर में महेश सचान, कलेनापुर के जीतू सिंह सहित किसानों ने बताया कि सर्वर की प्रक्रिया से किसान परेशान होते हैं। एडीओ सहकारिता सत्यम शिवहरे ने बताया कि जिन समितियों आर्डर लगे हैं उन समितियों में खाद पहुंच रही है। खाद की कमी नहीं है। सर्वर के कारण वितरण में व्यवधान रहा।
...................
खाद के लिए उमड़े किसान, बुलानी पड़ी पुलिस
शिवली। कस्बा के एक निजी खाद दुकान पर मंगलवार सुबह खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ एकत्र हो गई। खाद पाने की होड़ में किसान आपस में धक्का-मुक्की और हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस बुलाई गई। पुलिस की मौजूदगी में खाद वितरण कराया गया। सहकारी समितियों में सचिव की हड़ताल की वजह से खाद की किल्लत बनी हुई थी। इधर, प्रशासन ने वैकल्पिक केंद्र भी बना दिए। जिससे किसानों को फसलों की बोआई के लिए परेशान न होना पड़ा। इसके बाद भी खाद को लेकर किसान परेशान हैं। किसान समय से बोआई के लिए निजी दुकानों से खाद ले रहे हैं। मंगलवार सुबह शिवली के एक निजी दुकान पर डीएपी पहुंचने और वितरण होने की जानकारी पर सैकड़ों की संख्या महिला, पुरुष जा पहुंचे। पहले खाद पाने की होड़ मच गई। स्थिति बिगड़ते देख संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर किसानों को लाइन लगवाकर वितरण कराया गया। इफको केंद्र प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि अव्यवस्था होने पर पुलिस बुलाई गई थी। पुलिस ने किसानों को शांत कराने के बाद खाद बंटवाई। (संवाद)