कानपुर देहात। किसानों को खाद मिल सके इसके लिए वर्षों से बंद समितियों को सक्रिय किया जा रहा है। गुरुवार को सक्रिय हुई अकबरपुर व रनियां सहकारी समिति से खाद वितरण का शुभारंभ राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया।
राज्यमंत्री ने पहले रनियां और इसके बाद अकबरपुर सहकारी समिति में खाद वितरण का शुरू किया। इस मौके पर राज्यमंत्री ने कहा कि किसानों को अब खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। केंद्र व प्रदेश सरकार किसान हितैषी है। समितियां बंद थीं तो किसानों को अन्य समितियों तक भागदौड़ करनी पड़ती थी। अब जरूरत पर खाद मिलने में सहूलियत होगी। रनियां में 20 किसानों में 42 बोरी डीएपी व अकबरपुर में 70 किसानों में 260 बोरी डीएपी का वितरण हुआ। रनियां सहकारी समिति करीब 17 साल से बंद थी तो अकबरपुर सहकारी समिति भी 15 साल से बंद पड़ी थी। इस मौके पर मदन पांडेय, बउवा पांडेय, अध्यक्ष मनी गुप्ता, गुड्डू मिश्रा, बबलू भारती, सचिव विमल कुमार आदि मौजूद रहे। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रवीण कुमार ने बताया कि रनियां व अकबरपुर सहकारी समिति में पर्याप्त खाद है। इच्छुक किसान समिति सचिव से संपर्क कर सकते हैं।