कानपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में जहां ज्यादातर टूल सवाल पूछने पर सीधे जवाब उपलब्ध कराते हैं, वहीं आईआईटी खड़गपुर में विकसित ‘फर्मी एआई’ विद्यार्थियों को खुद सोचने और समाधान खोजने के लिए प्रेरित करेगा। यह टूल किसी समस्या का सीधा उत्तर देने के बजाय उसे समझने, तर्क करने और चरणबद्ध तरीके से हल करने की क्षमता विकसित करने में मदद करेगा।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में गुरुवार को शिक्षकों को इस टूल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इसमें विभिन्न विभागों के 30 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। फर्मी एआई को आईआईटी खड़गपुर के प्रो. पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती और उनकी टीम ने विकसित किया है। इसका उपयोग गणित, ज्यामिति, इलेक्ट्रॉनिक्स, बायोस्टैटिस्टिक्स और लॉजिक जैसे विषयों में किया जा सकता है। कार्यक्रम का आयोजन डीन एकेडमिक्स प्रो. बृष्टि मित्रा ने प्रो. आलोक कुमार और प्रो. दीपक वर्मा के सहयोग से किया।