आईआईटी इंजीनियर से शादी करने पर अड़ी महिला अधिकारी के खिलाफ पीड़ित पिता की तहरीर पर सोमवार को मुकदमा दर्ज हुआ। बरेली के आंवला में तैनात महिला अधिकारी ने दो नवंबर को इंजीनियर के घर पर जमकर हंगामा किया था। जबरिया शादी का दबाव बनाते हुए उसके पिता को धमकाया था।
हमीरपुर कस्बे के ऊंछाथोक निवासी रामकिशोर तिवारी ने थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका पुत्र पवन कुमार तिवारी आईआईटी मंडी (हिमाचल प्रदेश) में प्रोजेक्ट इंजीनियर के पद पर तैनात है। राजस्थान निवासी अमिता बरेली के आंवला में अधिकारी पद पर कार्यरत है।
दो नवंबर को अमिता कस्बे स्थित उसके घर पहुंची और इंजीनियर पुत्र के साथ शादी कराने का दबाव बनाने लगी। जब उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो अमितर ने गाली गलौज करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। महिला अधिकारी के बर्ताव से परेशान इंजीनियर के पिता ने यूपी 100 पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के आने के बाद महिला अधिकारी शांत भी हो गई और थोड़ी देर बाद वह चुपचाप वहां से खिसक गई। महिला की धमकी पर इंजीनियर के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।