Kanpur News: एडिशनल डीसीपी महिला अपराध ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने प्रकरण की विस्तृत जांच एडिशनल डीसीपी मुख्यालय विजेंद्र द्विवेदी को सौंपी है। बता दें कि एक दिन पहले पुलिस ऑफिस में महिला अपराध संबंधी फाइलें कूड़ेदान में मिली थीं।
कानपुर के पुलिस कमिश्नर ऑफिस परिसर में महिला अपराध शाखा के सामने कूड़ेदान में मिलीं महिला अपराध संबंधी फाइलें व जरूरी लिफाफों को महिला सिपाही ने बेकार कागज समझ फेंक दिए थे। एडिशनल डीसीपी अमिता सिंह महिला अपराध की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराध शाखा कार्यालय के मुंशी दरोगा ने मेज पर बेकार कागजों के पास इन फाइलों को भी रख दिया था।
विज्ञापन
महिला सिपाही ने इन्हें भी बेकार कागज समझ कूड़ेदान में फेंक दिया था। अब प्रकरण की विस्तृत जांच एडिशनल डीसीपी मुख्यालय को सौंपी गई है। पुलिस कमिश्नर डॉ. आरके स्वर्णकार सोमवार दोपहर ऑफिस का मुआयना करने निकले थे। उसी दौरान महिला अपराध शाखा कार्यालय के सामने कूड़ेदान में महिला और नाबालिगों से जुड़े अपराध से संबंधित फाइलें व कई बंद लिफाफे मिले थे।
पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एडिशनल डीसीपी महिला अपराध अमिता सिंह ने जांच की। प्रारंभिक जांच में पाया कि महिला अपराध शाखा के मुंशी दरोगा सुरेश सिंह राजावत ने मेज पर बेकार कागजों के पास ही बंद लिफाफे और फाइलें रख दी थीं। सिपाही नीतू सिंह ने गलती से बेकार कागजों के साथ इन फाइलों और बंद लिफाफों को भी कूड़ेदान में फेंक दिया था।