कानपुर देहात। अकबरपुर में इस बार 156वीं रामलीला व दशहरा मेला की तैयारी है। मुख्य मार्गों पर स्वागत द्वार बनाने के साथ ही अयोध्यापुरी और जनकपुरी मैदान में सजावट शुरू हो गई है। लंकापुरी मैदान में दशहरा मेला में महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस बार महिला बाउंसर मुस्तैद रहेंगी। वहीं निगरानी के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
श्रीरामलीला समिति की ओर से जनकपुरी मैदान में शनिवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी अध्यक्ष रामजी मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि सात अक्तूबर को दिन में अयोध्यापुरी में गणेश पूजन, मुकुट पूजन के बाद सजीव झांकियां वाली शिव बरात निकाली जाएगी। पावर हाउस गली से नेहरू नगर आकर शिव बरात देवद्वार होकर अयोध्यापुरी पहुंचेगी। शिव बरात के पूरे रास्ते पर कालीन बिछाई जाएगी।
रात में अयोध्यापुरी में शिव-पार्वती संवाद व नारद मोह लीला का मंचन होगा। 12 अक्तूबर को जनकपुरी मैदान में सीता स्वयंवर लीला होगी। 14 अक्तूबर को कलारन तालाब में केवट राम संवाद व गंगा पार लीला का आयोजन होगा। 16 अक्तूबर को शूर्पणखा का अंगभंग और खरदूषण वध की लीला लंकापुरी मैदान में होगी। 17 अक्तूबर को लंका दहन होगा। 19 अक्तूबर को रात में कवि सम्मेलन होगा।
वहीं, 20 अक्तूबर को विजयदशमी पर रावण-मेघनाद के पुतले का दहन और आतिशबाजी होगी। 21 अक्तूबर को दिन में दंगल होगा। 24 अक्तूबर को राम राज्याभिषेक व वानरों की विदाई अयोध्यापुरी मैदान में होगी। जबकि 27 अक्तूबर को श्याम महोत्सव में जागरण होगा। इस दौरान सूर्यकांत त्रिपाठी, अमित राजपूत, अभिषेक गुप्ता, विमलेश कुमार सविता, अशोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।