हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-गोपामऊ मार्ग पर जपरापुर के निकट दो बाइकों की भिड़ंत में पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि दंपती सहित तीन लोग घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर भैंसरी निवासी दिनेश (50) खेती करते थे। शुक्रवार दोपहर वह पुत्र रिंकू उर्फ विवेक (32) के साथ बाइक से सिकंदरपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया जा रहे थे। इसी दौरान जपरापुर मोड़ के निकट विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना में पिता-पुत्र के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर निवासी प्रवेश (28), उसकी पत्नी पूजा (26) और बिट्टू (4) भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रवेश के पीछे दूसरी बाइक से उसका बहनोई महेश निवासी ग्राम महोनी थाना टड़ियांवां भी आ रहा था। हादसा देखकर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने दिनेश और विवेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रवेश को हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। पूजा और बिट्टू को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
रुपये निकालने गए थे, मिल गई मौत
हादसे में जान गंवाने वाले पिता-पुत्र बाइक से बैंक रुपये निकालने जा रहे थे। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक एक करीबी रिश्तेदार के यहां शादी थी और वहां उपहार देने के लिए रुपये निकालने दिनेश और विवेक जा रहे थे। लेकिन बैंक पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई।
घायल की जेब मेें मिले शराब के पौव्वे
गंभीर रूप से घायल प्रवेश को जब स्ट्रेचर पर लिटाया जा रहा था तो उसकी जेब से शराब के दो पौव्वे गिरे। मौके पर पहुंचा प्रवेश का बहनोई महेश भी नशे में धुत मिला।