ललौली थाना क्षेत्र के अधावल गांव में यमुना नदी पर बना पीपा पुल मंगलवार रात आए तेज तूफान की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। तेज हवाओं और पानी के बहाव के चलते पुल के कई पीपे अपनी जगह से हटकर यमुना में बह गए, जिससे पुल पूरी तरह से टूट गया। इस घटना के बाद फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर और कानपुर के बीच आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार,
घटना की सूचना रात में ही संबंधित ठेकेदार को दे दी गई थी, लेकिन पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण तत्काल यातायात बंद कर दिया गया। वहीं ललौली थाना प्रभारी एसबी सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। एहतियात के तौर पर पुल पर आने-जाने वाले वाहनों और लोगों को रोक दिया गया है, लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कर यातायात बहाल करने की मांग की है, जिससे चारों जनपदों के बीच संपर्क पुनः सुचारू हो सके।