फतेहपुर जिले के छिवलहा में रोजाना के झगड़ों से तंग महिला ने शुक्रवार की रात करीब दो बजे पति की गोली मारकर हत्या करके पुलिस को फोन पर खुद ही जानकारी दी। पुलिस ने बेटी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
इरादतपुर धामी (संझिया) गांव निवासी ओमप्रकाश मौर्य (55) ने हथगाम-सिठौरा मार्ग पर ऑटो पार्ट्स की दुकान खोल रखी है और यहीं पर परिवार सहित रहता है। घर में पत्नी श्रीमती व बेटी लक्ष्मी देवी (21) हैं। शुक्रवार की रात ओमप्रकाश व पत्नी श्रीमती में विवाद और मारपीट हुई।
इसके बाद सभी सो गए। रात में करीब दो बजे श्रीमती ने घर में रखी दोनाली बंदूक से पति की दाहिनी कनपटी पर सटाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सोई बेटी लक्ष्मी कमरे में पहुंची। जहां पिता की लाश पड़ी थी।
थोड़ी देर में श्रीमती ने खुद पुलिस को फोन पर सूचना देते हुए बताया कि झगड़े में गलती से फायर हो गया. जिसमें पति की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो श्रीमती को हिरासत में लिया और मौके से एक डबल बैरल बंदूक, एक खोखा, एक कारतूस बरामद किया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लक्ष्मी की तहरीर पर मां श्रीमती के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ थरियांव अनिल कुमार ने बताया कि गृह कलह से परेशान होकर पत्नी ने शुक्रवार की रात पति की हत्या की है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दो साल पहले बेटे ने की थी खुदकुशी
ओमप्रकाश व श्रीमती का एक बेटा सुरजीत था। जो बेटी लक्ष्मी से छोटा था। दो साल पहले उसने गांव स्थित घर में तमंचे से गोली मारकर जान दे दी थी।
पुलिस ने बेटी से की पूछताछ
हथगाम पुलिस को लक्ष्मी ने बताया कि पिता ओमप्रकाश व मां के बीच रोजाना किसी ने किसी बात को लेकर विवाद होता था और हाथापाई की नौबत आ जाती थी। शुक्रवार को दोनों के बीच मारपीट हुई। पुलिस ने जब मौका-मुआयना किया तो आंगन में चूड़ी के टुकड़े पड़े मिले।
श्रीमती ने दो कारतूस लोड किए थे
पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया तो बंदूक तख्त के पास पड़ी मिली। पुलिस ने बंदूक को चेक किया तो एक खोखा मिला और एक जिंदा कारतूस भी था। इससे स्पष्ट है कि श्रीमती न ेदो कारतूस लोड किए थे। लेकिन पहले फायर में ही ओमप्रकाश की मौत हो गई। इसलिए दूसरी गोली चलाने की नौबत ही नहीं आई।