फतेहपुर में 20 जुलाई की रात जहानाबाद कस्बे में मुरली ज्वैलर्स में हुई 25 लाख रुपये की चोरी का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को कर दिया। दो लोगों को गिरफ्तार करके करीब एक लाख की बरामदगी दिखाई है। खुलासे पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। खुद मुरली ज्वैलर्स के मालिक ने बरामद जेवरों को पहचानने से मना कर दिया है।
इसके अलावा, पुलिस ने कई जनपदों में हुई वारदातों का खुलासा भी किया है, जिन्हें इसी गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस लाइन सभागार में एसपी राजेश कुमार सिंह ने जहानाबाद के मुरली ज्वैलर्स में हुई चोरी का खुलासा किया। जहानाबाद पुलिस व स्वॉट टीम द्वारा पकड़े गए दो आरोपियों को मीडिया के सामने लाया गया।
दोनों आरोपियों की पहचान बृजपाल उर्फ वैज्ञानिक व घनश्याम निवासी धनपुरा थाना कादरचोक जिला बदायूं, हाल पता बनारसी दास पछहिया मुहल्ला जिला औरैया के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि आठ लोगों के द्वारा यह घटना की गई थी। इसमें छह की पहचान हो चुकी है और उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के कुछ जेवरात, एक बाइक और तमंचा बरामद किया है। सनसनीखेज घटना में पुलिस की बरामदगी एक लाख रुपये से भी कम है। जबकि चोरी करीब 25 लाख रुपये की थी। एसपी ने बताया कि यह लोग किराये की बुलेरो से यहां आए थे। गैंग ने जहानाबाद के साथ ही कानपुर के डेरापुर थानाक्षेत्र में चोरियां की हैं।
इसके साथ ही इन्होंने पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, राजस्थान, केरल, उत्तर प्रदेश में कई वारदातें की हैं और यहां से यह आरोपी वांछित भी हैं। फिरोजाबाद व फर्रुखाबाद जिले में भी इन्होंने चोरियां की थीं। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वॉट टीम प्रभारी विनोद मिश्र, सर्विलांस प्रभारी सुनील यादव, राजेश सिंह, जावेद, कन्हैया लाल, शिवेंद्र सिंह व जहानाबाद इंस्पेक्टर राकेश पांडेय व उनकी टीम की रही।