केंद्रीय विद्यालय जूनियर हाईस्कूल भिटौरा में छात्रा की बेरहमी से पिटाई
- फोटो : अमर उजाला
होमवर्क पूरा न होने पर सोमवार को कक्षा आठ की छात्रा को शिक्षक ने बेरहमी से पीट दिया। गदेली पर गंभीर चोट से छात्रा का दाहिना हाथ सूज गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जिला अस्पताल के डॉक्टर ने उसे भर्ती करने से मना कर दिया। परिजन ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां बृहस्पतिवार को ऑपरेशन होना बताया गया है।
थरियांव थाना क्षेत्र के करमचंद्रपुर निवासी सोनी पत्नी याकूब अहमद ने बुधवार को हसवा चौकी में शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया कि बेटी नौशीन केंद्रीय विद्यालय जूनियर हाईस्कूल भिटौरा क्षेत्र में कक्षा आठ में पढ़ती है। सोमवार को बेटी स्कूल गई थी। यहां होमवर्क पूरा न होने पर विद्यालय के शिक्षक ने पानी की टंकी में लगे प्लास्टिक के मोटे पाइप को निकाला और बेटी की दाहिने हाथ की गदेली पर 25-30 बार मारा। इससे छात्रा के हाथ में सूजन आ गई।
छात्रा की मां सोनी ने बताया कि बुधवार को बेटी को लेकर विद्यालय पहुंचीं। यहां शिक्षक से बात की तो उसने अभद्रता कर भगा दिया। इस पर परिजन ने हंगामा भी किया। चौकी प्रभारी हसवा अरुण कुमार ने कहा कि शिकायती पत्र मिला है। जांच की जा रही है।
ऑपरेशन न हुआ तो हाथ में पैदा हो जाएगी सड़न
प्रधान संगठन जिलाध्यक्ष नदीम उर्फ पप्पू ने बताया कि छात्रा का शहर के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। यहां सर्जन डॉ. प्रशांत साहू ने कहा है कि अगर ऑपरेशन नहीं किया गया तो हाथ में सड़न पैदा हो जाएगी।