फतेहपुर जिले में बुदवन इंटर कॉलेज की ऑडिट रिपोर्ट लगाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग का वरिष्ठ लेखा परीक्षक एंटी करप्शन टीम के हत्थे चढ़ गया। कॉलेज प्रबंधन का आरोप है कि निर्माण की ऑडिट रिपोर्ट लगाने के एवज में पहले 1.80 लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में 20 हजार रुपये कम कर 1.60 लाख रुपये करने की बात कही गई।
आरोपी बीते एक माह में दो बार जांच के बहाने कॉलेज पहुंचा था। नगर के चौड़ाखेर मोहल्ला निवासी एवं कॉलेज प्रबंधक रीता सिंह के पुत्र अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मां का स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण ऑडिट संबंधी बातचीत उन्होंने ही वरिष्ठ लेखा परीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह से की थी। आरोप है कि ऑडिट रिपोर्ट लगाने के लिए पहले 1.80 लाख रुपये मांगे गए।