फतेहपुर जिले में गैंगस्टर के मामले में नगर पालिका चेयरमैन पुत्र और कांग्रेसी नेता की करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की संपत्तियों को रविवार दोपहर पुलिस प्रशासन ने कुर्क किया है। एसडीएम एनपी मौर्या ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी।
सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ला निवासी नजाकत खातून नगर पालिका की चेयरमैन हैं। उनके सभासद पुत्र हिस्ट्रीशीटर हाजी रजा के खिलाफ गैंगस्टर के दर्ज मामले में प्रशासन ने उनकी संपत्ति खंगाली। इसमें रजा के नाम एक साल पहले खरीदी हसवा ब्लॉक के टीसी गांव के मजरे सहाबुद्दीन में 12 बीघा कृषि योग्य भूमि मिली।
जमीन की पैमाइश के बाद प्रशासन ने रविवार को संपत्ति कुर्क का बोर्ड लगाया। माइक से गांव में घोषणा कराई कि जमीन पर कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा। भूमि की कीमत प्रशासन ने करीब एक करोड़ रुपये आंकी है। उधर, पनी के ही रहने वाले हिस्ट्रीशीटर कांग्रेस नेता शेख एजाज अहमद उर्फ बॉक्सर की 31 संपत्तियों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है।
एजाज बॉक्सर के नाम पर मिलीं संपत्तियों की कीमत पांच करोड़ 63 लाख 31 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, उनकी पत्नी मोहम्मदी एजाज के नाम पर 49 लाख 28 हजार 523 रुपये की अचल संपत्ति आंकी है। कार्रवाई एसडीएम, सीओ सिटी डीसी मिश्रा, नायब तहसीलदार विकास पांडेय की मौजूदगी में की गई। एसडीएम ने बताया कि संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया है। एजाज की कुछ संपत्तियों पर प्रशासन शाम होने के कारण नहीं पहुंच सका है। लिहाजा सोमवार को भी कार्रवाई की जाएगी।