फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में बतख पकड़ने के विरोध पर बदमाशों ने मंगलवार रात भतीजे को पीटकर चाचा को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे लखनऊ में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। प्रतापगढ़ जिला रानीगंज थाना क्षेत्र के दमदम निवासी डब्लू सोनकर ने बताया कि वह मेवली स्थित झील में परिवार के साथ बतख पालन करता है।
वह रात को चाचा महेश कुमार (40) के साथ झील किनारे झोपड़ी में रखवाली को मौजूद था। करीब रात साढ़े 12 बजे बरौहां गांव का मनोज उर्फ मालिक 10–12 साथियों संग मौके पर पहुंचा और बतख पकड़ाने लगा। मना करने पर उसे गाली-गलौज कर पीटा। बीच-बचाव में चाचा महेश पहुंचे। इसी दौरान मनोज उर्फ मालिक ने चाचा पर तमंचे से गोली चला दी। गोली सीने में लगने से चाचा घायल होकर गिर पड़े।