गाजीपुर (फतेहपुर)। कस्बा में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक के खलासी की जलने से मौत हो गई। हादसा ट्रक में छू रहे तार को हटाने दौरान हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरियाणा प्रांत अंबाला जिले के नारायगढ़ थानाक्षेत्र लाहा निवासी लखबीर सिंह (35) कुरुक्षेत्र के रहने वाले चालक सरदार रणजीत सिंह के साथ गाजीपुर कस्बा लकड़ी लोड करने आया था। लकड़ी ठेकेदार रुखसार के गोदाम में जाते समय हाईटेंशन लाइन का तार ट्रक में छूने लगा। चालक ने बताया कि खलासी डंडा लेकर ट्रक में चढ़ रहा था तभी तार छूने से ट्रक की बॉडी में करंट था। इससे खलासी करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही जलने से मौत हो गई। आसपास के लोगों की मदद से बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। आग से ट्रक को भी नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष संगम लाल प्रजापति ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। ।