हसवा चौकी में एक दूसरे को जयमाल पहनाते प्रेमी-प्रेमिका
- फोटो : अमर उजाला
थरियांव थाना क्षेत्र की हसवा चौकी शनिवार को अनोखी शादी का गवाह बनी, जब प्रेमी युगल ने चौकी परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में सात फेरे लिए। दिलचस्प बात यह रही कि इस शादी में पुलिसकर्मी बराती बने और ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े को चौकी में ही आशीर्वाद दिया। हसवा चौकी क्षेत्र के अब्दुल्लापुर घूरी मजरे कमालपुर निवासी रामा देवी (22) और संतोष कुमार लोधी (25) के बीच तीन साल से प्रेम संबंध था। जब परिजन को इसकी जानकारी हुई तो रिश्ते को सहमति मिल गई और 18 सितंबर को कोर्ट मैरिज कराई गई। लेकिन युगल ने परंपरागत तरीके से विवाह करने की इच्छा जताई।
इसके बाद शनिवार को दोनों प्रेमी हसवा चौकी पहुंचे और चौकी इंचार्ज राजेश सिंह से मंदिर में शादी की अनुमति मांगी। चौकी इंचार्ज न केवल अनुमति दी बल्कि खुद आयोजन की देखरेख की। साथ ही परिजन को बुलाकर शादी संपन्न कराई। पुलिसकर्मी खुद बराती की तरह मौजूद रहे और जयमाला की रस्म में शामिल हुए।
गांव से पूर्व प्रधान गोरेलाल लोधी, धर्म राज, मोहम्मद इरशाद, खुर्शीद समेत 12 से अधिक ग्रामीण चौकी पहुंचे और वर-वधू को आशीर्वाद दिया। चौकी परिसर उस समय शादी के उत्साह और मंगल ध्वनि से गूंज उठा। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा, इस अनोखे विवाह में कानून, प्रेम और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।