फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडप से बगावत: ‘अब समझौता नहीं, सम्मान ही प्राथमिकता’, स्वाभिमानी बेटियों के सख्त हैं तेवर, दूल्हों के उड़े होश

Fri, 19 Jun 2026 08:55 AM IST
Himanshu Awasthi आशीष दीक्षित, अमर उजाला, फतेहपुर

सार

Fatehpur News: फतेहपुर में दहेज के लालच, झूठ और बीमारियों को छिपाने जैसे मुद्दों पर बेटियों ने मंडप से बरात लौटाने का साहसी कदम उठाया है। विशेषज्ञों ने इसे लड़कियों के बढ़ते आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान के रूप में देखा है।
विज्ञापन
दुल्हनें कर रहीं शादी से इन्कार - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फतेहपुर जिले में दूल्हे और बरातियों की नागवार हरकतें उन पर भारी पड़ रही हैं। पूरे तामझाम के साथ पहुंची बरात में दूल्हे या परिजन की ओर से शुरू किए गए विवाद के बाद दुल्हनें शादी से इन्कार कर दे रही हैं। युवतियों अपने जीवन साथी के चुनाव को लेकर काफी सजग हैं। वह ऐन मौके पर कड़ा फैसला लेने में पीछे नहीं हट रही हैं।

विज्ञापन

इस सहालग में 10 ऐसे मामले सामने आए। जहां माता-पिता संकोचवश कुछ कह नहीं पाए। लेकिन बेटियों ने सख्त कदम उठाकर साबित किया कि उन्हें, नशेड़ी, बीमारी से ग्रसित और दहेज का लालची वर नहीं चाहिए। वह ऐसे परिवार में जाना चाहतीं है, जहां उनका और उनके माता-पिता का सम्मान ताजिंदगी बना रहे।

नजीर- एक: पालतू कुत्ते के भौंकने पर चले लात-घूंसे

18 फरवरी को खागा कस्बे में सुबह करीब चार बजे दुल्हन को जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी। तभी दुल्हन के पालतू कुत्ते के भौंकने पर वर पक्ष की ओर से किसी ने लात मार दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और दुल्हन ने शादी तोड़ दी। दूल्हा फूट-फूटकर रोता रहा, फिर भी दुल्हन नहीं मानी। जबकि दोनों दो साल से रिलेशन में थे। कोर्ट मैरिज का रजिस्ट्रेशन भी करा चुके थे। हालांकि, शादी टूटने के चार दिन बाद दुल्हन अपने घर प्रयागराज से दूल्हे के पास पहुंच गई।

नजीर- दो: बताया था इंटर पास पर हिंदी भी न पढ़ पाया दूल्हा

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 28 अप्रैल को शादी की रस्में चल रही थीं। लड़की पक्ष को बताया गया था कि लड़का इंटर पास है और शहर में अच्छी नौकरी करता है। जयमाल के बाद दुल्हन की सहेलियों ने मजाक-मजाक में दूल्हे को मोबाइल पर आया हिंदी का मैसेज पढ़ने को दिया। जिसे दूल्हा अटक-अटक कर भी नहीं पढ़ पाया। इसके बाद 500 के कुछ नोट गिनने को कहे। वह उसमें भी गलती कर बैठा। दुल्हन को जैसे ही पता चला कि दूल्हा अनपढ़ है, उसने मंडप छोड़ दिया और फेरे लेने से इन्कार कर दिया। लड़के वालों ने माफी मांगी, लेकिन लड़की का कहना था कि जो रिश्ता झूठ से शुरू हो। वह आगे नहीं चल सकता।

नजीर- तीन: फॉर्च्यूनर की जताई ख्वाहिश, दुल्हन ने बरात लौटाई

12 मई को सदर कोतवाली के मैरिज हाल में जयमाल के बाद ऐन वक्त पर वर पक्ष ने फॉर्च्यूनर की मांग कर दी। लड़की के पिता ने हैसियत के मुताबिक दूल्हे को सेडान कार दी थी। आधी रात को जयमाल की रस्म खत्म होने के बाद दूल्हे के पिता और भाइयों ने कार की चाबी लेने से इन्कार कर दिया। दूल्हे पक्ष की इस हरकत को देखकर दुल्हन ने खुद अपना जोड़ा बदला। माइक पर एलान कर दिया कि वह ऐसे लालची परिवार में शादी नहीं करेगी। लड़की वालों ने कोतवाली पुलिस को बुलाया और शादी में हुआ सारा खर्च वापस लेने के बाद ही दूल्हे पक्ष को वहां से जाने दिया।

नजीर- चार: मंडप में किया शादी से इन्कार, प्रेमी के घर छोड़ आए परिजन

दिसंबर 2026 औंग थाने के एक गांव में आई बरात के बाद दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। परिजन के दबाव बनाने दुल्हन ने जहर खाकर जान देने की धमकी दी। पूछने पर बताया कि वह पड़ोस में रहने वाले युवक से प्यार करती है, उसी से शादी करेगी। दोनों पक्षों में पूरी रात पंचायत चली। दूल्हा बिना दुल्हन को लिए लौट गया। इसके बाद दुल्हन को परिजन उसके प्रेमी के घर छोड़ आए।

नजीर- पांच: गश खाकर गिरा दूल्हा...तोड़ दी शादी

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 08 मई को बरात पहुंची। रस्मों के बाद मंडप के नीचे भांवर पड़ने लगीं। दूल्हा अचानक गिर पड़ा। भांवर पूरी होने के बाद दोपहर में विदाई की तैयारी शुरू हुई। इस दौरान दूल्हा फिर गिर पड़ा। यह देख दुल्हन ने दूल्हे को मिर्गी आने की आशंका जताई और विदाई से इन्कार कर दिया। चौकी में हुई बातचीत के बाद लड़की पक्ष ने बेटी को विदा नहींं किया।

दगाबाज प्रेमियों को भी पहुंचाया हवालात
युवतियां दगाबाज प्रेमियों को हवालात पहुंचाने में भी पीछे नहीं हैं। थरियांव थाना क्षेत्र का युवक गुरुग्राम में नौकरी करता था। जहां उसका मध्यप्रदेश की युवती से प्रेम हो गया। धोखा देकर युवक अपने गांव आया। यहां 30 अप्रैल को अपनी दूसरी जगह बरात लेकर जा रहा था। भनक लगने पर गुरुग्राम से आई थी युवती ने युवक को बरात ले जाने से पहले हवालात पहुंचा दिया। इसी तरह खखरेरू थाना क्षेत्र की युवती 27 अप्रैल की रात अपनी शादी का मंडप छोड़कर प्रेमी से मिलने पहुंच गई। प्रेमी ने उसे धोखा दिया वह खुद नहीं पहुंचा। इसके बाद युवती ने प्रेमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

अपने पसंद के जीवनसाथी को चुनना हर बालिग का अधिकार है। अगर युवतियां ऐसे फैसले ले रही हैं, तो यह अच्छी बात है।  -मंजू शुक्ला, काउंसलर, परिवार परामर्श केंद्र
विज्ञापन

बेटियां ऐसा जीवनसाथी चाहती हैं जो उन्हें बराबरी का दर्जा दे, उनके विचारों का सम्मान करे। वे ऐसे वर की तलाश करती हैं, जो उन्हें समझे और उनका सहयोग करे।  -बीना श्रीवास्तव, प्रिंसिपल, आरएस एक्सल स्कूल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें