किशनपुर थानाक्षेत्र के खेमकरनपुर गांव के लोहिया पुल के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला उछल कर करीब 10 मीटर दूर जा गिरी। चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। थानाक्षेत्र के चौड़ा खेर गांव के रहने वाले सुभाष सिंह (28) पत्नी सोनम (25) के साथ किशनपुर को बाइक से लेकर सरौली गांव रिश्तेदारी में मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे।
विज्ञापन
यहां से दोनों शाम करीब चार बजे बाइक से घर लौट रहे थे। खेमकरनपुर गांव के पास सड़क पर फैले बालू से बचने के लिए वह दूसरी साइड से निकल रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौत हो गई। बाइक डंपर के नीचे फंस और घिसटी चली गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुटी तो चालक मौके से भाग निकला है। थानाध्यक्ष बच्चे लाल प्रसाद ने बताया डंपर को खड़ा कराया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।