मऊदरवाजा थाने के चंद कदम दूर किराए के मकान की तीसरी मंजिल छत पर देर रात एक युवती को गोली मार दी गई। इससे वह घायल हो गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अजब सिंह उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया है। एएसपी, सीओ सिटी ने पीड़िता से जानकारी ली। घटनास्थल का जायजा लिया।
शहर ले मोहल्ला बीबीगंज निवासी विवेक कुमार का परिवार थाने के चंद कदम दूर बहादुरगंज में दीपक शाक्य के मकान में किराए पर रहते हैं। उनकी पत्नी प्रीति अपनी बेटी सलोनी (18) देर रात मकान की तीसरी मंजिल की छत पर टहलने के बाद बैठ गईं। इसी दौरान पहले से घर आने जाने वाले एक युवक ने सलोनी पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली सलोनी के दाहिने पैर में लगकर दूसरी ओर निकल गईं। चीखपुकार पर अन्य लोग पहुंचे। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। घायल सलोनी को थानाध्यक्ष अपनी कार से लोहिया अस्पताल लेकर गए। मां ने बताया कि युवक घर पर आता जाता था। बिना किसी बात पर आते ही उसने गोली चला दी। इसके बाद भाग गया। पुलिस ने आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया।
सूचना पर एएसपी गिरीश कुमार सिंह, सीओ सिटी अभय वर्मा ने अस्पताल में युवती और उसकी मां ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि परिजनों और पीड़िता ने आरोपी का नाम बताया है। गोली मारने की बात बताई जा रही है। आरोपी की तलाश में टीमों को लगाया है। तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।